दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने बेबाक अंदाज से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मंच से कहा, "मैं जो भी करता हूं, मुंह पर करता हूं, पीठ पीछे नहीं। जो गलत है, वो गलत है और जो सही है, वो सही। 70 साल का हो गया हूं, यूं ही सठिया गया हूं... किसी को बुरा लगे तो लगे, अपने को क्या फर्क पड़ता है।"
विधानसभा-1 स्थित पीएम राइस स्कूल अहिल्या आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने छात्राओं को सामाजिक बुराइयों से बचने और जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी से भी दोस्ती सोच-समझकर करें और किसी की वास्तविक पहचान जाने बिना उस पर भरोसा न करें।
मंत्री ने नशामुक्ति को लेकर भी छात्राओं से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि यदि उनका भाई नशा करता है तो रक्षाबंधन पर तब तक राखी न बांधें, जब तक वह नशा छोड़ने का संकल्प न ले। उन्होंने सुझाव दिया कि परिवार के लोग नशे के खिलाफ एकजुट होकर प्रतीकात्मक विरोध भी कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने स्कूल को फर्नीचर और वाटर कूलर भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा और स्वस्थ वातावरण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
मंत्री के "70 साल का हो गया हूं, यूं ही सठिया गया हूं" वाले बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
Tags
madhya pradesh
