दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सुभरिया घाट में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बोलेरो (क्रमांक एमपी 09 बीए 6722) सिवनी जिले के छपारा की ओर जा रही थी। सुभरिया घाट के एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा। अनियंत्रित बोलेरो पहले सड़क किनारे लगे एक बड़े पत्थर से टकराई और फिर पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सामने से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल मंडला जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Tags
madhya pradesh
