Jabalpur News: तिलवारा और गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹3.40 लाख की अवैध शराब के साथ फॉर्च्यूनर कार ज़ब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। थाना तिलवारा और थाना गोरखपुर (चौकी रामपुर) की टीमों ने  कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आलीशान टोयोटा फॉर्च्यूनर कार सहित कुल 31 पेटी (288 बोतल और 336 पाव) अंग्रेजी शराब तथा 316 पाव देशी शराब ज़ब्त की है। ज़ब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 25.40 लाख रुपये आंकी गई है।

हाईवे पर घेराबंदी, डिवाइडर से टकराई शराब से भरी फॉर्च्यूनर

थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगी की तरफ से एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार (क्रमांक MH 14 CM 5999) में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर एक युवक तिलवारा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर तिलवारा पुल के पास रमनगरा मोड़ पर नाकेबंदी कर दी।

कुछ ही देर में मुखबिर के बताए अनुसार फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने पुलिस से बचने के लिए कार की रफ्तार बढ़ा दी और तेजी से भागने की कोशिश की। इसी आपाधापी में अनियंत्रित होकर कार हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई, जिससे कार के शीशे टूट गए। कार रुकते ही चालक ने पैदल भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

कार से बरामद हुई ब्रांडेड अंग्रेजी शराब

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम निखिल पाण्डे (उम्र 23 वर्ष, निवासी रामायण मंदिर के पीछे, देवताल गढ़ा; वर्तमान पता- हरदौल मंदिर के पीछे, संजीवनीनगर) बताया। जब फॉर्च्यूनर कार की तलाशी ली गई, तो उसमें 31 कार्टून (पेटी) अवैध अंग्रेजी शराब लोड मिली। पुलिस ने कार से ऑफिसर च्वाइस, बैगपाइपर, आइकॉनिक, रॉयल स्टैग, सिमरन ऑफ, मैजिक मोमेंट्स, सिग्नेचर और वोदका ब्रांड की कुल 288 बोतलें और 336 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की।

आरोपी के पास से कुल 276.48 लीटर अंग्रेजी शराब (कीमत करीब 3 लाख 7 हजार 680 रुपये), तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार (कीमत करीब 22 लाख रुपये) और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल ज़ब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा, उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्रधान आरक्षक महेंद्र पटेल, आरक्षक सुनील परवारी और कृपाराम की सराहनीय भूमिका रही।

शासकीय अस्पताल के पीछे पहाड़ी की झाड़ियों में दबिश, देशी शराब ज़ब्त

दूसरी कार्रवाई गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर चौकी पुलिस द्वारा की गई। थाना प्रभारी गोरखपुर नितिन कमल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मांडवा टेंडर-1 निवासी हर्ष गोटिया अवैध रूप से देशी शराब बेचने के इरादे से शासकीय अस्पताल मांडवा के पास पहाड़ी की झाड़ियों में छिपाकर बैठा है।

सूचना के आधार पर रामपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र जाटव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहाड़ी पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक संदेही भागने लगा, जिसे जवानों ने दौड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम हर्ष गोटिया (उम्र 20 वर्ष, निवासी मांडवा बस्ती, रामपुर) बताया।

₹300 की दिहाड़ी पर बेच रहा था शराब

आरोपी के पास रखी दो प्लास्टिक की बोरियों की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल 316 पाव (56.880 लीटर) देशी शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 32 हजार रुपये है। जब आरोपी हर्ष से शराब के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। हर्ष ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से राहुल काला नाम के व्यक्ति के कहने पर यह शराब बेच रहा था। राहुल काला ही शराब लेकर आता था और इसके एवज में हर्ष को प्रतिदिन 300 रुपये की दिहाड़ी देता था।

पुलिस ने शराब ज़ब्त करते हुए मुख्य आरोपी राहुल काला और हर्ष गोटिया दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी राहुल काला की तलाश की जा रही है। इस सफलता में चौकी प्रभारी महेंद्र जाटव, आरक्षक रितेश नेमा और रामकृष्ण शर्मा की मुख्य भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post