Jabalpur News: थाना प्रभारी के सरकारी आवास में निकला 7 फीट लंबा सांप, मची अफरा-तफरी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के सरकारी आवास में शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आंगन में करीब 7 फीट लंबा सांप दिखाई दिया। सूचना मिलते ही सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।

जांच में पता चला कि सांप धामन (Rat Snake) प्रजाति का था, जो जहरीला नहीं होता और सामान्यतः इंसानों पर हमला नहीं करता। रेस्क्यू के बाद सर्प को आबादी से दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

थाना प्रभारी का सरकारी आवास थाना परिसर में स्थित है, जहां अन्य पुलिसकर्मियों के भी शासकीय आवास हैं। रेस्क्यू के दौरान पुलिसकर्मियों और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें। इसकी सूचना तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या सर्प विशेषज्ञ को दें, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post