दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक और दतिया राजघराने के मुखिया घनश्याम सिंह को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नियुक्ति पत्र जारी कर उनके नाम पर मुहर लगाई। अब उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के बीच सीधा मुकाबला होगा।
प्रत्याशी घोषित होने के बाद घनश्याम सिंह ने कहा कि उन्होंने चुनाव की पूरी तैयारी कर ली है और कांग्रेस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच विकास, सद्भावना और सकारात्मक राजनीति के मुद्दे लेकर जाएगी।
घनश्याम सिंह ने कहा कि उनकी राजनीति विकास पर केंद्रित होगी। उन्होंने कहा कि समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति खत्म होनी चाहिए और सभी वर्गों के बीच भाईचारा कायम रहना चाहिए।
आजाद समाज पार्टी के शक्ति प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उसमें बड़ी संख्या में दूसरे जिलों के लोग शामिल थे। उनके मुताबिक यह स्थानीय राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन नहीं था।
तीसरे मोर्चे को लेकर घनश्याम सिंह ने कहा कि दतिया में मुकाबला सीधे कांग्रेस और भाजपा के बीच है। उनका आरोप था कि तीसरी पार्टियां केवल वोट काटने का काम करती हैं और भाजपा की "बी टीम" की तरह चुनाव लड़ती हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इस बात को समझ चुकी है।
स्थानीय उम्मीदवार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जनता में इसको लेकर चर्चा होना स्वाभाविक है। उन्होंने दोहराया कि उनकी प्राथमिकता विकास, सामाजिक सद्भाव और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति होगी।
