दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना परिसर के सामने बीते 5 जुलाई को खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले युवक गंगाराम की शनिवार को इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसी हालत में युवक पिछले छह दिनों से मेडिकल अस्पताल में भर्ती था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया है।
मजिस्ट्रियल बयान में लिए थे तीन नाम
जानकारी के अनुसार, प्रभात नगर निवासी गंगाराम ने 5 जुलाई को माढ़ोताल थाने के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया था। मृतक के परिजनों का गंभीर आरोप है कि गंगाराम ने अस्पताल में दर्ज कराए गए अपने मजिस्ट्रियल बयान में तीन लोगों के नाम उजागर किए थे, जिन्होंने उसे इस आत्मघाती कदम के लिए मजबूर किया। लेकिन पुलिस ने अब तक उन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की।
थाने में कोई पुरानी शिकायत नहीं: थाना प्रभारी
दूसरी ओर, माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पंवार ने पुलिस का पक्ष रखते हुए बताया कि थाने के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है कि मृतक गंगाराम घटना से पहले कभी कोई शिकायत लेकर थाने आया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और अधिकारी भेजकर उसकी स्थिति की जानकारी ली थी।
पुलिस अधीक्षक ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश
पुलिस अधीक्षक (SSP) सम्पत उपाध्याय ने बताया कि मृतक पहले एक आपराधिक मामले में सजा काट चुका था। वह उस पुराने मामले में अपने खिलाफ कथित झूठी गवाही देने वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहा था। मृतक के मजिस्ट्रियल बयान और घटना से जुड़े सभी तकनीकी व जमीनी तथ्यों की पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।
Tags
jabalpur
