दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रानगर में शराब पीने के लिए पैसे न देने पर दो बदमाशों ने एक किराना व्यापारी की दुकान में घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर व्यापारी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर (रेंजर किराना के पास) निवासी 32 वर्षीय दीपक गुप्ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दीपक ने बताया कि बीती रात लगभग 8:30 बजे उनकी इंद्रानगर स्थित किराना दुकान पर उनकी पत्नी साधना गुप्ता और बहन अनीता गुप्ता बैठी हुई थीं। इसी दौरान सैठीनगर निवासी शंभू बेन और केशू बेन वहाँ पहुँचे। दोनों आरोपियों ने साधना गुप्ता से शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की।
जब साधना गुप्ता ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों आरोपी सरेराह ऊंची आवाज में गाली-गलौज करने लगे। शोर शराबा सुनकर दीपक गुप्ता घर के अंदर से दुकान में आए और उन्होंने बदमाशों को गालियां देने से रोका। इस बात पर आरोपी भड़क गए। विवाद बढ़ने पर आरोपी केशू बेन ने अपने पास रखे चाकू से दीपक पर हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने गाल पर गहरी चोट आई है। वहीं दूसरे आरोपी शंभू बेन ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
गोरखपुर थाना पुलिस ने पीड़ित दीपक गुप्ता की शिकायत पर आरोपी शंभू बेन और केशू बेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
