दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी के रूप में दतिया राजघराने के मुखिया और पूर्व विधायक घनश्याम सिंह के नाम पर लगभग मुहर लगा दी है। भोपाल से लेकर दिल्ली तक पार्टी नेतृत्व के बीच उनके नाम पर सहमति बन चुकी है। कांग्रेस जल्द ही उनके नाम की औपचारिक घोषणा कर सकती है। उपचुनाव में उनका सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से होगा।
72 वर्षीय घनश्याम सिंह दतिया जिले की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उनके पिता महाराज कृष्ण सिंह जू देव वर्ष 1984 में भिंड-दतिया लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद रहे थे। घनश्याम सिंह एमए तक शिक्षित हैं और दतिया से दो बार तथा सेवढ़ा से एक बार विधायक रह चुके हैं।
उन्होंने 1993 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर भाजपा के शंभू गोस्वामी को हराया था। 2003 में उन्होंने दोबारा जीत हासिल की, जबकि 2008 में भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा से हार गए। 2013 में कांग्रेस ने उन्हें सेवढ़ा से उम्मीदवार बनाया, जहां वे भाजपा के प्रदीप अग्रवाल से करीब 1,800 वोटों से हार गए। इसके बाद 2018 में सेवढ़ा विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे, लेकिन 2023 के चुनाव में भाजपा के प्रदीप अग्रवाल से पराजित हो गए।
गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में अब उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
Tags
national
