वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग-11 से बाहर, संजू सैमसन की वापसी; भारत ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला साउथैम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैच का टॉस और शुरुआत ट्रैफिक जाम के कारण करीब 45 मिनट की देरी से हुई, क्योंकि भारतीय टीम समय पर स्टेडियम नहीं पहुंच सकी।

इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह संजू सैमसन की टीम में वापसी हुई है। वैभव मौजूदा सीरीज के तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन की पारियां खेलते हुए कुल 42 रन ही बना सके थे।

भारत पहले ही सीरीज 0-3 से गंवा चुका है। पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि अगले तीनों मुकाबलों में इंग्लैंड ने जीत दर्ज कर अजेय बढ़त बना ली। ऐसे में टीम इंडिया आखिरी मैच जीतकर सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरी है।

रोज बाउल में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम ने यहां अब तक सिर्फ एक टी-20 इंटरनेशनल खेला है, जिसमें 2022 में इंग्लैंड को 50 रन से हराया था। हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारत लगातार छह टी-20 मैचों से जीत का इंतजार कर रहा है।

दूसरी ओर, इंग्लैंड के पास यह मुकाबला जीतकर भारत को पीछे छोड़ते हुए ICC टी-20 रैंकिंग में नंबर-1 टीम बनने का मौका है। सीरीज में फिल सॉल्ट और कप्तान हैरी ब्रूक शानदार फॉर्म में रहे हैं, जबकि भारत को संजू सैमसन और अनुभवी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post