MP News: दमोह में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, अधेड़ पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के लखनी गांव में जमीन विवाद को लेकर शनिवार दोपहर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान 48 वर्षीय कोमल सिंह लोधी पर कथित रूप से कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल की पहचान कोमल सिंह लोधी, पिता हल्के सिंह लोधी, निवासी लखनी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि राजन सिंह लोधी, बृजेंद्र सिंह लोधी, मूरत सिंह लोधी, रम्मू सिंह लोधी और कोमल सिंह लोधी ने उन पर हमला किया। हमले के दौरान कुल्हाड़ी से उनकी अंगुलियां काटने का प्रयास किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घायल के बेटे अजय लोधी ने बताया कि उनके घर के सामने स्थित जमीन पर आरोपी पक्ष मकान का निर्माण कर रहा था। उनके पिता ने निर्माण कार्य का विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें पहले तेजगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी विवादित जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य कर रहे थे और विरोध करने पर जानलेवा हमला किया गया।

घटना की सूचना नोहटा थाना पुलिस को दे दी गई है। अस्पताल पुलिस चौकी ने घायल के बयान दर्ज कर प्रकरण संबंधित थाने को भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post