Jabalpur News: शातिर बदमाश लकी पटेल एनएसए में गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ बनाई थी रील

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने शहर के कुख्यात बदमाश लकी पटेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दंडाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी के विरुद्ध एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट के पालन में लार्डगंज थाना पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल में निरुद्ध करा दिया।

थाना प्रभारी लार्डगंज नवल आर्य ने बताया कि लकी पटेल (23 वर्ष), पिता राजकुमार उर्फ झल्लू पटेल, निवासी बीएल गैरेज गार्डन के पास, कछपुरा, लार्डगंज लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वर्ष 2019 से अब तक उसके खिलाफ 20 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

इन मामलों में अवैध हथियार रखने, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली सहित कई गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस ने समय-समय पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लकी पटेल ने कुछ समय पहले चाकू और पिस्टल के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल और बढ़ गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आपराधिक छवि का प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने का प्रयास करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि लकी पटेल की लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण लार्डगंज और आसपास के क्षेत्रों में भय और आतंक का वातावरण बन गया था। लोग उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने या पुलिस को सूचना देने से भी डरते थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post