दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदन महल रेलवे स्टेशन के पास स्थित अंडरब्रिज में गुरुवार को एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद कार से बीच-बीच में तेज धमाकों जैसी आवाजें भी आती रहीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के दौरान अंडरब्रिज से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं और सुरक्षित दूरी बना ली।
राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम पानी के टैंकर के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग के कारण अंडरब्रिज से वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।
