दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब टीबी (क्षय रोग) से परेशान एक युवक ने अमरकंटक एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर लेटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। लोको पायलट की सतर्कता और आरपीएफ जवान की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई।
घटना रात करीब 10 बजे की है। रायपुर से जबलपुर आ रही गाड़ी संख्या 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान युवक अचानक मुख्य प्रवेश द्वार के सामने ट्रैक पर जाकर लेट गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया, जिसके बाद लोको पायलट ने तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट जबलपुर के आरक्षक चन्द्रेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और युवक को ट्रेन के सामने से सुरक्षित हटाया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान मुकेश मेश्राम (30) निवासी आजाद नगर, सुभाष वार्ड, कटरा, थाना अधारताल के रूप में बताई।
मुकेश ने आरपीएफ को बताया कि वह लंबे समय से टीबी की बीमारी से पीड़ित है। इलाज पर काफी खर्च होने के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी वजह से आत्महत्या करने स्टेशन पहुंचा था।
घटना की सूचना आरपीएफ उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने युवक के परिजनों को दी। कुछ देर बाद उसका भांजा रोहित सोनकर आरपीएफ पोस्ट पहुंचा। आवश्यक कार्रवाई के बाद मुकेश को उसके बैग और मोबाइल सहित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
