दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 8 अधिकारियों के तबादले करते हुए संशोधित आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव 2016 बैच की IAS अधिकारी मिशा सिंह की पोस्टिंग को लेकर किया गया। पहले जारी आदेश में उन्हें शहडोल का कलेक्टर नियुक्त किया गया था, लेकिन संशोधित आदेश के तहत अब उन्हें अपर आयुक्त, नगरीय विकास एवं आवास विभाग, भोपाल पदस्थ किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह गर्भवती हैं। शहडोल तबादले के बाद उन्होंने राज्य सरकार से भोपाल या इंदौर में पदस्थापना का अनुरोध किया था। इसके चलते रतलाम के लिए नियुक्त नए कलेक्टर अजय कटेसरिया की जॉइनिंग भी रोक दी गई थी। अब मिशा सिंह की भोपाल में पदस्थापना होने के बाद अजय कटेसरिया रतलाम कलेक्टर का कार्यभार संभालेंगे।
तीन जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त
संशोधित आदेश के तहत पार्थ जायसवाल को छतरपुर से शहडोल का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, मृणाल मीणा को बालाघाट से छतरपुर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्वालियर में अपर कलेक्टर रहे कुमार सत्यम को बालाघाट का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, मंदसौर कलेक्टर आदित्य गर्ग को परियोजना संचालक, मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खाद्य, तकनीकी शिक्षा और सामान्य प्रशासन विभाग में भी बदलाव
सरकार ने दिनेश जैन को ओएसडी, संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा अपर सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग नियुक्त किया है। गिरीश शर्मा को अपर सचिव, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अंकित अस्थाना को सामान्य प्रशासन विभाग का उप सचिव बनाया गया है। उन्हें कर्मचारी चयन मंडल के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
स्वरोचिष सोमवंशी और ऋषि गर्ग को अतिरिक्त जिम्मेदारियां
स्वरोचिष सोमवंशी को आयुक्त, आर्थिक एवं सांख्यिकी के साथ-साथ सचिव, राज्य योजना आयोग तथा संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले इस संस्थान का अतिरिक्त प्रभार मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग के पास था।
Tags
madhya pradesh
.jpeg)