दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के लमकना रोड स्थित आलासूर (सिमरिया) मोड़ के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार करीब 40 मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर धान की रोपाई के लिए बहोरीबंद के पास स्थित अमाड़ी गांव से लहोद गांव जा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन से उसका नियंत्रण हट गया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल सिहोरा पहुंचाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायल पहुंचने से अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। अधिकांश मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
घायलों में प्रियंका, लाल चौधरी, मनीषा बाई, जयंती बाई, नंदकिशोर, राजकुमारी, सुदामा बाई, लाली बाई, संतरा बाई, आशीष चौधरी, सविता, गोमती, सुलोचना, राजीव चौधरी, दीपक चौधरी सहित अन्य मजदूर शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। सिहोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Tags
jabalpur
