दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र स्थित उमरिया शराब दुकान में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने जमकर उत्पाद मचाया। मुफ्त में शराब मांगने और पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने सेल्समैन के साथ मारपीट की और गोली मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पलामू (झारखंड) निवासी टिंकू कुमार सिंह (24), जो वर्तमान में उमरिया शराब दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है, ने खमरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक, 24 जुलाई की दोपहर करीब 12:45 बजे वह दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान बबलू यादव नामक व्यक्ति अपनी कार (क्रमांक MP 04 CN 2701) से आया और कार दुकान के पास खड़ी कर दी।
आरोपी बबलू यादव दुकान के सामने आकर जबरन शराब पीने के लिए पैसों और शराब की बोतल की मांग करने लगा। जब सेल्समैन ने पैसे और शराब देने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपी दुकान का गेट खोलकर जबरन अंदर घुस गया और हाथ-घूंसे से सेल्समैन के साथ मारपीट की, जिससे उसके गाल और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने सेल्समैन को गोली मारकर जान से मारने की धमकी भी दी।
दुकान में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद पीड़ित सेल्समैन ने खमरिया थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी बबलू यादव के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 333, 119(1), 296(ए), 115(2) और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur
