Jabalpur News: दो सोनोग्राफी सेंटरों पर छापा, लिंग परीक्षण और अवैध गर्भपात के नेटवर्क की जांच शुरू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में सोमवार शाम पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो सोनोग्राफी सेंटरों पर छापा मारा और उन्हें सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में अवैध लिंग परीक्षण, रिकॉर्ड में अनियमितता और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के संकेत मिलने पर टीम ने महत्वपूर्ण दस्तावेज और रजिस्टर जब्त कर लिए हैं। मामले में जांच पूरी होने के बाद सेंटर संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनु बेनीवाल के नेतृत्व में सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी की टीम ने ओमती थाना क्षेत्र स्थित अंजुमन स्कूल के सामने संचालित डॉ. राजेंद्र अग्रवाल के सोनोग्राफी सेंटर पर छापा मारा। इसी दौरान अधारताल स्थित उनके दूसरे सेंटर पर भी एक साथ कार्रवाई की गई।

छापेमारी के समय दोनों सेंटरों पर कई गर्भवती महिलाएं मौजूद थीं। जांच के दौरान अधिकारियों ने रजिस्टर, मरीजों के रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए। प्रारंभिक जांच में कई महिलाओं की उम्र, नाम और पते में संदिग्ध प्रविष्टियां मिलने से रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितताओं की आशंका जताई गई है।

एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि जब्त दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। रजिस्टर में दर्ज महिलाओं के नाम, पते और मोबाइल नंबरों के आधार पर उनसे पूछताछ भी की जाएगी। जांच में अवैध लिंग परीक्षण और संभावित अवैध गर्भपात के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल दोनों सोनोग्राफी सेंटरों को सील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन और अवैध गतिविधियों के पर्याप्त प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर में इस तरह के अन्य मामलों की भी जांच तेज की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post