दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू और बेल्ट से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने शराब पीने के लिए 1000 रुपये मांगे और इनकार करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे छात्र के नाना से भी मारपीट की गई।
पुलिस के अनुसार, न्यू कछियाना द्वारकानगर निवासी 16 वर्षीय कृष्णा चौहटेल ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह खालसा स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र है। वह घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान चिराग पनघेरा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए 1000 रुपये मांगने लगा।
पीड़ित के रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर चिराग पनघेरा ने चाकू से हमला कर छात्र की बाईं जांघ में चोट पहुंचाई। वहीं उसके साथियों ने बेल्ट और मुक्कों से मारपीट कर पेट, सिर और पीठ पर चोटें पहुंचाईं।
घटना के दौरान छात्र के नाना राजेश कुमार पनघेरा बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर हाथ और कमर में चोट पहुंचाई। वारदात के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घमापुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
