Jabalpur News: पीड़िता दिखाती रही हैवान पिता की करतूतों के वीडियो, पुलिस ने बिना कार्रवाई किए जबरन परिवार को सौंपा; गिड़गिड़ाती रही नाबालिग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहडोल की 16 वर्षीय किशोरी ने अपने पिता पर एक साल से छेड़छाड़ और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रताड़ना से परेशान होकर वह 9 जुलाई को घर छोड़कर शहडोल से कटनी होते हुए जबलपुर पहुंच गई। यहां उसने कई दिन रेलवे स्टेशन पर गुजारे। बुधवार शाम रेलवे स्टेशन पर मिलने के बाद पुलिस उसे महिला थाने लेकर पहुंची।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पिता शराब के नशे में अक्सर उसके साथ अशोभनीय हरकतें करता था। विरोध करने पर मारपीट करता था और मां को बताने पर उनके साथ भी मारपीट की जाती थी। पुलिस को अपनी बात पर विश्वास दिलाने के लिए किशोरी ने पिता की कथित हरकतों के मोबाइल वीडियो भी दिखाए।

किशोरी का आरोप है कि उसके आरोपों के बावजूद पिता के खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला थाना पुलिस ने उसे शेल्टर होम भेजा और शहडोल पुलिस व परिजनों को सूचना दी। गुरुवार को उसकी मां, मामा और शहडोल पुलिस जबलपुर पहुंचे, जिसके बाद किशोरी को उनके साथ भेज दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वह घर वापस नहीं जाना चाहती थी, क्योंकि उसे दोबारा प्रताड़ित किए जाने का डर है।

किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी इच्छा के विरुद्ध 5 मई 2026 को उसकी शादी उससे करीब 20 साल बड़े युवक से करा दी गई, जो शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने घर छोड़ने का फैसला लिया।

वहीं, किशोरी की मां ने बताया कि बेटी पहले भी एक बार घर से चली गई थी। परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को देखते हुए पड़ोस में रहने वाले 25 वर्षीय युवक से उसकी शादी कर दी गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि बेटी के लापता होने पर 10 जुलाई को शहडोल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

फिलहाल मामले में शहडोल पुलिस आगे की जांच करेगी। पीड़िता के आरोपों और प्रस्तुत वीडियो के आधार पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post