MP News: जबलपुर के 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत,नरसिंहपुर में पिकनिक से लौटते समय हाईवा ने कुचला, 2 की हालत गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के युवाओं के लिए रविवार की शाम दर्दनाक हादसे में बदल गई। नरसिंहपुर जिले में जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे खड़े 6 दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में जबलपुर के 4 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने गए थे। लौटते समय इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुककर सेल्फी और फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल (पावला), वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21) और जयपाल सिंह लोधी (30, बरबटी) के रूप में हुई है। वहीं आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क किनारे खड़े होकर फोटो खींच रहे थे। तभी तेज रफ्तार वाहन कुछ ही सेकेंड में उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

ASP संदीप भूरिया ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सुआतला थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post