दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र के प्रेमसागर इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने मामूली सी बात पर विवाद करते हुए एक घर पर सुअर मार बम फेंक दिए। बम फटने की तेज आवाज से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामूली बात पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमसागर निवासी 51 वर्षीय सुनील कुमार गुप्ता पेशे से हलवाई हैं। शुक्रवार (10 जुलाई 2026) की दोपहर करीब 12:15 बजे सुनील गुप्ता ने देखा कि उनके घर के ठीक सामने समीर वंशकार नाम का एक युवक खड़ा है। सुनील गुप्ता ने उसे टोकते हुए कहा कि उनके घर के सामने फालतू क्यों खड़े हो और उसे वहाँ से जाने के लिए कहा।
जेब से निकालकर फेंके सुअर मार बम
जाने की बात सुनते ही आरोपी समीर वंशकार आगबबूला हो गया और सुनील गुप्ता के साथ मां-बहन की अभद्र गालियां गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि समीर ने अपनी जेब में रखे सुअर मार बम निकाले और एक के बाद एक सुनील गुप्ता के घर के दरवाजे और दीवार पर फेंक मारे। बम दीवार से टकराते ही जोरदार धमाके के साथ फट गए, जिससे घर के आसपास धुआं और दहशत फैल गई।
जान से मारने की धमकी देकर भागा आरोपी
बमबाजी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी समीर वंशकार पीड़ित सुनील गुप्ता को जान से मारने की खुली धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने बेलबाग थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी समीर वंशकार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 351(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 व 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Tags
jabalpur
