दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के चरगंवा थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़पुरा घाट पर बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। महाराष्ट्र से आश्रम दर्शन करने आए पिता-पुत्र नर्मदा नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका था, जबकि पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।
मासूम को बचाने के प्रयास में पिता भी समाए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी 34 वर्षीय गणेश पाटिल अपने 10 वर्षीय पुत्र लकी पटेल के साथ भड़पुरा स्थित आश्रम में दर्शन करने आए थे। दर्शन के उपरांत दोनों भड़पुरा घाट पर नर्मदा जी में स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान 10 वर्षीय लकी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। बेटे को डूबता देख पिता गणेश पाटिल ने बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए गहरे पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण पिता-पुत्र दोनों ही पानी में ओझल हो गए।
घाट पर मची अफरा-तफरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसा होते ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत तलाश शुरू की, लेकिन बहाव तेज होने से सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची चरगंवा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने होमगार्ड और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक दोनों का पता नहीं चल सका था और सर्च ऑपरेशन जारी है।
Tags
jabalpur
