दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड के निर्माण कार्य में पिछले तीन महीनों से जारी लापरवाही के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को सैकड़ों स्थानीय नागरिकों के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ शर्मा एवं पूर्व पार्षद जितिन राज ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर मेन रोड का निर्माण कार्य लंबे समय से पूरी तरह ठप पड़ा है। इसके कारण आसपास की करीब 20 कॉलोनियों में रहने वाले हजारों नागरिकों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क अधूरी होने के कारण पूरे क्षेत्र में कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। वहीं, सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। निर्माण कार्य में देरी के चलते क्षेत्र की व्यापारिक और आवासीय गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। मुख्य मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहने से आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। निर्माण कार्य बंद होने से क्षेत्र की कॉलोनियों का मुख्य संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।
पूर्व पार्षद जितिन राज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो वर्तमान सांकेतिक प्रदर्शन को उग्र आंदोलन में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में कांग्रेस neta रितेश अग्रवाल, अन्नू तिवारी, संजय उपाध्याय, मनीष खरे, अभिषेक यादव, ममता ठाकुर, राजा रैकवार, बसंत ठाकुर, सौरभ मिश्रा, मेवालाल पटेल, रवींद्र गौतम, पिंटू चौधरी, पप्पी सोनी, दिलीप चमकेल, संदीप झिरने, विजय विश्वकर्मा, सनी अधिकारी, निहाल कलसिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
jabalpur
