Jabalpur News: टेलीग्राम पर दिया था कमाई का झांसा, लालच में गंवाए 37 लाख रुपये; साइबर क्राइम का शिकार हुआ अधारताल का युवक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में ऑनलाइन होटल रेटिंग और घर बैठे मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।  जागृतिनगर अमखेरा निवासी 29 वर्षीय विक्रांत साहू ने पुलिस को बताया कि वह अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर ‘विक्की साहू’ के नाम से आईडी चलाता है। उसका बैंक खाता एसबीआई की मिलौनीगंज शाखा में है। 

उसके टेलीग्राम पर ‘अदिति रियांश’ नाम से मैसेज आया, जिसमें घर बैठे पैसे कमाने और होटलों की रेटिंग करने का काम बताया गया। आरोपियों ने रेटिंग के बदले मुनाफा बैंक खाते में आने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में विक्रांत के खाते में 1,024 रुपये भेजे गए। इसके बाद उससे अलग-अलग रिचार्ज, डिपॉजिट और विशेष ऑफर के नाम पर रकम जमा कराई जाने लगी। कुछ शुरुआती भुगतानों के बाद आरोपियों ने मुनाफे के नाम पर रकम वापस भी की, जिससे पीड़ित को उनके झांसे पर भरोसा हो गया। 

इसके बाद पीड़ित से 10 हजार, 20,960, 50 हजार, 1.50 लाख रुपये सहित अलग-अलग माध्यमों से रकम जमा कराई गई। पत्नी के खाते, साथी के फोन-पे, बैंक खातों में नकद जमा और आरटीजीएस के माध्यम से भी बड़ी रकम भेजी गई। शिकायत के मुताबिक 7 लाख रुपये और 10 लाख रुपये तक ट्रांसफर किए गए। इसके बाद भी अलग-अलग किश्तों में रकम जमा कराने का सिलसिला जारी रहा। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने उससे कुल 37 लाख 61 हजार 566 रुपये लिए, जबकि मुनाफे के नाम पर केवल 61 हजार 143 रुपये वापस किए। इस तरह मुनाफे का लालच देकर उससे 37 लाख 423 रुपये की ठगी की गई। शिकायत पर थाना अधारताल पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post