Jabalpur News: मुरम खदान में भरे पानी में डूबने से 15 वर्षीय नाबालिग की मौत, गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सहसन में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मुरम खदान के पानी में डूबने से 15 वर्षीय नाबालिग बालक अभिषेक लोधी की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सहसन निवासी अभिषेक लोधी (15 वर्ष) अपने भाई अंशु लोधी के साथ मुरम खदान के किनारे से पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से अभिषेक खदान में जमा पानी में जा गिरा। भाई को डूबता देख अंशु घबरा गया और रोते-चीखते घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचित किया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत


सूचना मिलते ही पाटन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बालक को पानी से बाहर निकालकर तुरंत शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बालक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन


बालक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के बाहर मुख्य सड़क पर शव रखकर चक्काजाम व प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि अवैध और बिना सुरक्षा मानकों के खोदी गई मुरम खदानों के कारण यह हादसा हुआ है। प्रदर्शन की खबर मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश व कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post