दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के चूनगर फाटक-अंधेरपुरा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर 16 वर्षीय किशोर से मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित करन वाल्मीकि अपनी मां सविता वाल्मीकि के साथ बुधवार को कोतवाली थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह घर के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान देव वाल्मीकि, सेकी अहिरवार और तरुण अहिरवार वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर देव ने करन को थप्पड़ मार दिया, जबकि तरुण ने उसके साथ हाथापाई की। मारपीट के दौरान करन जमीन पर गिर गया, जिससे उसकी पीठ, बाएं घुटने और हाथ में चोट आई।
आरोप है कि सेकी अहिरवार ने करन के माथे पर भी वार किया, जिससे खून निकल आया। शोर सुनकर अजय और सुमित वाल्मीकि मौके पर पहुंचे और उन्होंने करन को आरोपियों से बचाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी जाते समय थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी देकर गए।
CCTV में कैद हुई मारपीट
पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें किशोर के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
