MP News: दतिया में 28 वर्षीय मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान, घर के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पत्नी के मायके जाने से था परेशान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। उनाव थाना क्षेत्र के कस्बा उनाव में रविवार सुबह 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। युवक का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।

मृतक की पहचान नरेश कुशवाहा (28), पिता सीताराम कुशवाहा, निवासी कस्बा उनाव के रूप में हुई है। नरेश ट्रैक्टर चलाने के साथ मजदूरी का काम करता था।

दरवाजा अंदर से था बंद

परिजनों ने जब नरेश को कमरे में फंदे से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उनाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी के मायके जाने से परेशान था युवक

परिजनों के मुताबिक, नरेश की पत्नी करीब एक महीने से दतिया स्थित अपने मायके में रह रही थी। परिजनों का कहना है कि पत्नी के लंबे समय से मायके में रहने को लेकर नरेश परेशान रहता था। उन्होंने इसी परेशानी को आत्महत्या की संभावित वजह बताया है।

हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

उनाव थाना प्रभारी अंशुल अरोरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post