MP News: अंबाह में सरेराह फायरिंग से दहशत, बाइक रोककर युवक ने चलाईं दो गोलियां, दोनों बार निशाना चूका; VIDEO सामने आया

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना/अंबाह। अंबाह में प्लॉट के पैसों को लेकर हुए पुराने विवाद में एक युवक ने बाइक सवार पर सरेराह दो बार फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दोनों बार गोली निशाने से चूक गई और युवक बाल-बाल बच गया। घटना का CCTV वीडियो अब सामने आया है, जिसमें आरोपी बाइक सवार को रोककर विवाद करता और फिर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।

घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। ग्राम भुआ पुरा रोड निवासी नागेंद्र मिश्रा बाइक से अंबाह बाजार जा रहे थे। इसी दौरान वैष्णोदेवी चिलर के पास सानंद उर्फ मुक्ता उर्फ राधे शर्मा ने उनकी बाइक रोक ली।

प्लॉट के पैसों को लेकर हुआ विवाद

नागेंद्र के मुताबिक, करीब दो साल पहले उन्होंने आरोपी के पिता धर्मेंद्र शर्मा को एक प्लॉट बेचा था और उसकी रजिस्ट्री भी धर्मेंद्र शर्मा के नाम हो चुकी थी। शनिवार को आरोपी ने प्लॉट का सौदा रद्द करने और ब्याज समेत रकम वापस करने की मांग की।

नागेंद्र ने रजिस्ट्री हो जाने की बात कहते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

पहली गोली चली तो गार्ड रूम में भागे

आरोप है कि विवाद के दौरान सानंद ने कमर से कट्टा निकाला और नागेंद्र पर गोली चला दी। गोली निशाने से चूक गई। जान बचाने के लिए नागेंद्र दौड़कर वैष्णोदेवी चिलर के गार्ड रूम में घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा और गार्ड रूम की खिड़की से दूसरी गोली चला दी। यह गोली भी नागेंद्र के बगल से निकल गई। दोनों फायरिंग में वह बाल-बाल बच गए।

‘इस बार बच गया, अगली बार नहीं बचेगा’

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फायरिंग के दौरान गाली-गलौज करते हुए नागेंद्र को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि ‘इस बार तू बच गया, अगली बार नहीं बचेगा।’ वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

फायरिंग की घटना वैष्णोदेवी चिलर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत और CCTV के आधार पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की है।

एसडीओपी विजय सिंह भदौरिया के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

नौकरी छोड़ खेती कर रहे हैं नागेंद्र

नागेंद्र मिश्रा पहले करीब 10 साल तक पेट्रोल पंप पर मैनेजर की नौकरी कर चुके हैं। करीब एक साल पहले उन्होंने नौकरी छोड़कर खेती-किसानी शुरू की थी। वर्तमान में वह अंबाह तहसील क्षेत्र में रहकर खेती कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post