दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ आरोग्यम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक स्वास्थ्य अधिकारी (हेल्थ ऑफिसर) ने अपनी ही महिला सहकर्मी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने महिला की गर्दन पर चाकू रखकर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से ही फरार है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 28 वर्षीय पीड़िता और आरोपी सोहेल एक ही स्वास्थ्य केंद्र में साथ काम करते हैं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पिछले कई दिनों से उस पर जबरदस्ती करने का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहा था। शनिवार (29 अगस्त) की सुबह जब पीड़िता ड्यूटी पर पहुंची, तो आरोपी ने उसे विजिट के बहाने ऊपरी मंजिल पर चलने को कहा। पीड़िता के मना करने पर आरोपी ने उसे वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने और नौकरी से हटवाने की धमकी दी, जिससे डरकर वह ऊपर चली गई।
कमरे में पहुंचते ही आरोपी सोहेल ने कुंडी अंदर से बंद कर ली। इसके बाद उसने पीड़िता का मुंह दबाकर उसे जमीन पर पटक दिया और जेब से चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर अड़ा दिया। आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की खौफनाक धमकी दी और महिला के साथ रेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने किसी से कुछ भी कहने पर जान से मारने की चेतावनी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना से बदहवास पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर तुरंत पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इंदौर पुलिस ने शनिवार रात आरोपी सोहेल के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं (FIR) में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपी सोहेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
madhya pradesh
