Jabalpur News: नहर किनारे मिली लावारिस नवजात, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले के सिहोरा के गोसलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह नहर किनारे एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।

गोसलपुर थाना प्रभारी गाजीवती पुसाम अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति या महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को भी दी गई है, ताकि बच्ची के संरक्षण और आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण जांच में कठिनाई आ रही है। नवजात को छोड़ने वाले की पहचान के लिए आसपास के गांवों, अस्पतालों और प्रसूति केंद्रों से जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों से भी पूछताछ कर संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post