उपचुनाव रिजल्ट: बांकीपुर में प्रशांत किशोर आगे, दतिया में कांग्रेस को बढ़त, मंजलपुर में भाजपा जीत के करीब

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पटना/भोपाल/अहमदाबाद। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में बिहार की बांकीपुर सीट से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस ने बढ़त हासिल कर ली है, जबकि गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल निर्णायक बढ़त के साथ जीत की ओर बढ़ रहे हैं।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर सातवें राउंड तक प्रशांत किशोर को 13,500 वोट मिले हैं। भाजपा के नीरज कुमार 9,689 वोटों के साथ 3,811 वोटों से पीछे हैं, जबकि राजद की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर हैं। यह सीट भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट मानी जाती है, जहां उनके राज्यसभा जाने के बाद उपचुनाव कराया गया।

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर शुरुआती दौर में भाजपा आगे थी, लेकिन छठे राउंड के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 1,786 वोटों की बढ़त बना ली। कांग्रेस को अब तक 25,856 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के खाते में 24,070 वोट आए हैं। आजाद समाज पार्टी को 9,791 वोट मिले हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर बनी हुई है।

गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल लगातार अपनी बढ़त बढ़ा रहे हैं। 11वें राउंड तक उन्हें 31,283 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 14,085 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार 17,198 वोटों की बढ़त के साथ जीत की ओर बढ़ रहे हैं।

बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद पटना स्थित जन सुराज कार्यालय में समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। वहीं, वडोदरा में भाजपा कार्यकर्ता भी मंजलपुर में बढ़त मिलने पर जीत का उत्सव मना रहे हैं।

तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस बार पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में तीनों क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत कम दर्ज किया गया। मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम आने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post