दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी अधारताल पंकज मिश्रा के मार्गदर्शन में 28 एवं 29 जुलाई को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित संदिग्ध क्लीनिकों एवं चिकित्सा संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान दो क्लीनिकों में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के एलोपैथिक उपचार किए जाने का मामला सामने आने पर प्रशासन ने दोनों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
निरीक्षण के दौरान होम्योपैथी डिग्री धारक शाहीन मोहम्मद खान द्वारा संचालित शाहीन दवाखाना में बिना वैध एलोपैथिक चिकित्सकीय योग्यता के मरीजों का एलोपैथिक दवाओं से उपचार किया जाता पाया गया। वहीं निसार अंसारी द्वारा संचालित रहमानी सिफाखाना क्लीनिक में भी बिना किसी सक्षम डिग्री के एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का इलाज किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान दोनों संस्थानों से एलोपैथिक दवाइयां एवं उपचार संबंधी सामग्री बरामद की गई। निरीक्षण दल में तहसीलदार अधारताल वीर बहादुर धुर्वे, शासकीय चिकित्सक डॉ. शत्रुघन दाहिया, डॉ. के. के. वर्मा तथा हनुमानताल थाना पुलिस बल शामिल रहा। टीम ने संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया।
प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों क्लीनिकों से दवाइयों के सैंपल जब्त कर लिए तथा आगामी कार्रवाई तक दोनों संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर बंद कर दिया।
Tags
jabalpur
