दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के सामने आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, मरघटाई के पास घमापुर निवासी 25 वर्षीय सोनम वंशकार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। पीड़िता ने बताया किउसका पति दीपू उर्फ प्रदीप वंशकार शराब पीने के लिए उससे पैसे मांग रहा था।
पैसे देने से मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर महिला की पीठ के बाईं ओर वार कर दिया। महिला के भाई और भाभी ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। घमापुर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 119(1), 118(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
