दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मड़ई इलाके में दुकान में घुसकर दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। न्यू गुप्ता स्वीट्स में कोल्डड्रिंक को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने दुकानदार हेमंत गुप्ता और उनके पिता के साथ मारपीट की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित हेमंत गुप्ता के मुताबिक, एक युवक जिसे वह ‘छोटू चोर’ के नाम से जानते हैं, दुकान के फ्रिज से कोल्डड्रिंक निकालकर बिना पैसे दिए ले जाने लगा। जब उन्होंने उससे पैसे मांगे तो विवाद शुरू हो गया। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पर बिज्जू और जैंगो समेत सात-आठ अन्य युवक भी दुकान में पहुंच गए।
आरोप है कि युवकों ने दुकान में घुसते ही जमकर हंगामा किया। उन्होंने काउंटर तोड़ दिया और ईंट-पत्थर से हमला किया। इस दौरान गल्ले से रुपये निकालने का प्रयास करने के साथ धारदार चाकू से भी हमला किया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की दबंगई और तोड़फोड़ की घटना रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद पीड़ित ने रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हर सप्ताह रंगदारी मांगने का आरोप
पीड़ित हेमंत ने आरोप लगाया कि आरोपी इससे पहले भी दुकान संचालित करने के एवज में अवैध वसूली के रूप में हर सप्ताह करीब 7 से 8 हजार रुपए की मांग कर चुके हैं। उनका कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं और दुकान चलाने के लिए दबाव बना रहे हैं।
Tags
jabalpur
