MP News: दतिया उपचुनाव हार के बाद भाजपा एक्शन मोड में, समीक्षा समिति गठित

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में 6,016 वोटों से मिली हार के बाद भाजपा ने संगठनात्मक समीक्षा तेज कर दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल स्थित आवास पर समीक्षा बैठक हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, चुनाव प्रभारी, मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में हार के कारणों, संगठन की भूमिका, भीतरघात की शिकायतों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दतिया के कुछ पार्षदों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।


बैठक में उपचुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, राकेश शुक्ला सहित करीब दो दर्जन नेता मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की आंतरिक रिपोर्ट में शहरी क्षेत्र के कुछ पार्षदों पर भीतरघात के आरोप सामने आए हैं। भाजपा को शहर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन यहां कांग्रेस को बढ़त मिली, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा आगे रही। इसी आधार पर संगठन अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर रहा है।

पार्टी जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाह सहित कुछ स्थानीय पदाधिकारियों के खिलाफ मिली शिकायतों की रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है, जिसे प्रदेश संगठन केंद्रीय नेतृत्व को भेज सकता है। हार के बाद पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सोशल मीडिया पर "आत्ममंथन का समय" लिखते हुए उपचुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया दी। वहीं टीकमगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल सिंह ने भी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को हार का कारण बताते हुए सवाल उठाए।

पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने टिकट नहीं मिलने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में प्रचार किया था, लेकिन पार्टी के अंदर यह आकलन किया जा रहा है कि प्रत्याशी बदलने के बाद संगठन का पूरा सहयोग मैदान में नहीं उतर पाया।

भाजपा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित भ्रामक पोस्ट और फर्जी पत्रों की भी जांच करेगी। ऐसे पोस्ट साझा करने वालों की सूची तैयार की जा रही है और उनके राजनीतिक संबंधों की भी पड़ताल होगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और भाजपा जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी भविष्य में और मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।

इस बीच प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया उपचुनाव में हार के कारणों की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा शामिल हैं। यह समिति संबंधित पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति और आवश्यक कार्रवाई तय की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post