दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार पर कहा कि उपचुनाव का महत्व भले ही आम चुनाव जितना न हो, लेकिन हार को किसी भी स्थिति में हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि पार्टी इस परिणाम की गंभीरता से समीक्षा करेगी और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए आवश्यक रणनीति बनाएगी।
सोमवार देर रात इंदौर में मीडिया से बातचीत के दौरान विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा चुनाव परिणामों का विस्तृत विश्लेषण करेगी और यह पता लगाएगी कि किन कारणों से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष भी स्पष्ट कर चुके हैं कि इस परिणाम पर पार्टी स्तर पर चिंतन किया जाएगा।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "उपचुनाव का बहुत ज्यादा महत्व नहीं होता, फिर भी हार, हार होती है और जीत, जीत होती है। पार्टी इस हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।"
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रभाव वाले क्षेत्र की सीट पर आए परिणाम को लेकर पूछे गए सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि वह स्वयं वहां चुनाव प्रचार के लिए गए थे। उनके अनुसार यह काफी हद तक व्यक्ति आधारित सीट थी और संबंधित नेता के चुनाव नहीं लड़ने का असर परिणामों पर पड़ा। उन्होंने कहा कि व्यक्ति आधारित सीटों पर इस तरह की परिस्थितियां बन जाती हैं।
उन्होंने संकेत दिए कि भाजपा सभी पहलुओं पर मंथन कर आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति को और मजबूत करेगी।
Tags
madhya pradesh
