MP News: नकली हथियारों के साथ नाबालिगों ने बनाई रील, पुलिस ने थाने बुलाकर दी समझाइश

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। जिले के करेली क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर नकली पिस्टल और कट्टा लहराते हुए खुद को 'बदमाश' बताने वाली रील बनाना कुछ नाबालिगों को महंगा पड़ गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित नाबालिगों और उनके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी। वहीं, वीडियो में शामिल एक बालिग युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिगों ने इंस्टाग्राम पर नकली हथियारों के साथ रील बनाकर खुद को करेली, गोटेगांव और नरसिंहपुर क्षेत्र का बदमाश बताया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मंगलवार को सभी नाबालिगों को उनके परिजनों सहित संबंधित थानों में बुलाया।

थाने में पुलिस अधिकारियों ने नाबालिगों और उनके अभिभावकों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने, हथियारों का प्रदर्शन करने और अपराध का महिमामंडन करने के कानूनी परिणामों की जानकारी दी। समझाइश के बाद नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post