दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई, जिससे विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स को जोरदार झटके लगे। घटना में कुल 12 लोग घायल हो गए। पायलट ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद अचानक विमान तेज हवा के झटकों में फंस गया और कुछ समय के लिए कई फीट नीचे आया। एक यात्री ने बताया कि विमान करीब दो से तीन मिनट तक लगातार बुरी तरह हिलता रहा, जिससे कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। यात्री के अनुसार, कई लोगों के पैर, कंधे, गर्दन और सिर में चोटें आईं।
घायलों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि सात लोगों को आगे के इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल भेजा गया। उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। एअर इंडिया ने कहा कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं तथा किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में विमान की अंदरूनी छत (सीलिंग) के पैनल क्षतिग्रस्त दिखाई दिए। कुछ तस्वीरों में घायल यात्रियों और एक एयर होस्टेस को गर्दन में नेक ब्रेस लगाए हुए भी देखा गया।
टर्बुलेंस हवा के बहाव में अचानक बदलाव के कारण उत्पन्न होता है, जिससे विमान ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिल सकता है। हालांकि ऐसे झटके यात्रियों के लिए डरावने हो सकते हैं, लेकिन आधुनिक विमान इन्हें सहने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकांश मामलों में टर्बुलेंस से विमान दुर्घटनाग्रस्त नहीं होता और प्रशिक्षित पायलट ऐसी परिस्थितियों से सुरक्षित तरीके से निपटने में सक्षम होते हैं।
Tags
national
