अभिनेत्री तृषा पर विवादित टिप्पणी मामला : पूछताछ के बाद रिहा हुए उदयनिधि स्टालिन

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) चेन्नई। तमिलनाडु के नेता प्रतिपक्ष और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मंगलवार को चेन्नई पुलिस ने हिरासत में लिया। मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पूछताछ पूरी होने पर उन्हें उसी दिन स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया गया।

यह मामला तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली के दौरान दिए गए कथित बयान से जुड़ा है। आरोप है कि भीड़ द्वारा "तृषा, तृषा" के नारे लगाए जाने पर उदयनिधि ने विवादित टिप्पणी की। हालांकि, उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा कावेरी के पानी की ओर था और उन्होंने किसी अभिनेत्री का नाम लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।

पुलिस ने उदयनिधि के खिलाफ महिला की गरिमा का अपमान, शांति भंग करने, विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने, आपराधिक साजिश, आपराधिक धमकी, तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम और आईटी एक्ट की धारा 67 सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तारी से पहले उदयनिधि ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन सुनवाई से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अदालत में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने कहा कि उन्हें रिमांड पर नहीं भेजा जाएगा और पूछताछ के बाद रिहा कर दिया जाएगा।

रिहाई से पहले उदयनिधि ने कहा, "मैंने कोई गलत बात नहीं कही है। मैं किसी का नाम नहीं लूंगा और गिरफ्तारी का सामना करने के लिए तैयार हूं।" वहीं, डीएमके ने पूरे मामले को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया। पार्टी नेताओं का कहना है कि उदयनिधि ने किसी महिला का नाम नहीं लिया और विवाद को जानबूझकर बढ़ाया जा रहा है।

उधर, टीवीके, भाजपा और अन्य विपक्षी दलों ने कथित टिप्पणी की आलोचना करते हुए उदयनिधि से सार्वजनिक माफी की मांग की। डीएमके कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी के विरोध में चेन्नई में प्रदर्शन भी किया, जिसके दौरान कई समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

इस बीच, अभिनेत्री तृषा कृष्णन और अभिनेता-राजनेता विजय के संबंधों को लेकर सोशल मीडिया पर फिर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, दोनों ने अपने निजी रिश्तों को लेकर कभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post