MP News: दतिया में 11वें राउंड की गिनती पूरी—कांग्रेस प्रत्याशी 12,328 वोटों से आगे, 4 राउंड की गिनती बाकी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस ने निर्णायक बढ़त बना ली है। 11वें राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से 12,328 वोटों से आगे चल रहे हैं। अब केवल चार राउंड की मतगणना शेष है।

11वें राउंड में कांग्रेस को 3,878 जबकि भाजपा को 2,651 वोट मिले। खास बात यह रही कि पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के बूथ क्रमांक 121 पर भी भाजपा को 27 वोटों से पीछे रहना पड़ा। यहां कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 वोट मिले।

कांग्रेस की बढ़त बढ़ने के साथ ही भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जश्न शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी, जबकि कांग्रेस के मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा की।

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि यह जनादेश भाजपा के खिलाफ जनता के गुस्से का परिणाम है और इसे "भाजपा के अंत की शुरुआत" बताया। वहीं भाजपा की ओर से आशुतोष तिवारी और डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जीत का भरोसा जताया।

दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों से हराया था।

मतगणना दतिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। कुल 15 राउंड की गिनती में अब अंतिम चार राउंड के नतीजों का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post