Jabalpur News: खंदारी जलाशय में चार फीट लंबा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खंदारी जलाशय के किनारे सोमवार दोपहर करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। जलाशय के किनारे धूप सेंक रहे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए रेस्क्यू की मांग की।

ग्रामीण छोटेलाल ने बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे खंदारी जलाशय के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर जलाशय के किनारे बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। करीब चार फीट लंबे मगरमच्छ को काफी देर तक किनारे पर धूप सेंकते देखा गया। इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद कई लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन मगरमच्छ के करीब जाने की किसी ने हिम्मत नहीं की।

जलाशय के आसपास रहती है ग्रामीणों की आवाजाही

ग्रामीणों का कहना है कि खंदारी जलाशय के आसपास अक्सर लोगों की आवाजाही रहती है। ग्रामीण विभिन्न कामों से जलाशय के आसपास पहुंचते हैं, ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि मगरमच्छ जलाशय से बाहर निकलकर आसपास के क्षेत्र में भी पहुंच सकता है।

वन विभाग को दी सूचना

मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को फोन कर सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें बताया गया कि वन विभाग के कुछ कर्मचारी भोपाल में प्रशिक्षण के लिए गए हुए हैं। इसके चलते तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। बाद में टीम भेजकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने की जानकारी दी गई।

रेस्क्यू तक लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द टीम भेजकर मगरमच्छ का रेस्क्यू कराने की मांग की है। साथ ही जलाशय के आसपास लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया जाता, तब तक लोगों को जलाशय के किनारे जाने से रोकने और क्षेत्र में सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Post a Comment

Previous Post Next Post