Jabalpur News: रक्षाबंधन और ईद मिलाद उन नबी को लेकर पुलिस अलर्ट, बाजारों में तैनात रहेगा अतिरिक्त बल, सीसीटीवी से होगी निगरानी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रक्षाबंधन और ईद मिलाद उन नबी के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार किया है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने शहर एवं देहात के थाना प्रभारियों को बाजारों में विशेष सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का विशेष जोर महिलाओं एवं युवतियों के साथ होने वाली छेड़छाड़, धक्का-मुक्की, पर्स चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने पर रहेगा।

पुलिस के अनुसार चिन्हित बाजारों में वर्दी के साथ-साथ सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गोपनीय तरीके से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी पुलिस नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। बाजार में कोई संदिग्ध या अवांछित व्यक्ति दिखाई देने पर पुलिस तत्काल उसकी गतिविधियों की जांच करेगी और आवश्यकता होने पर पूछताछ के लिए थाने ले जाया जाएगा।

इन बाजारों में रहेगी विशेष निगरानी


रक्षाबंधन के दौरान जबलपुर के लॉर्डगंज, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, मिलोनीगंज, माढ़ोताल, गोरखपुर, ग्वारीघाट रोड, अधारताल, रांझी, गढ़ा एवं सदर क्षेत्र के बाजारों में बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचते हैं। बीते वर्षों में रक्षाबंधन की खरीदारी के दौरान महिलाओं के साथ लूट, पर्स चोरी और अन्य घटनाओं की शिकायतें पुलिस तक पहुंचती रही हैं। इसे देखते हुए इस बार थाना बल के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान जबलपुर के बाजारों में आसपास के करीब पांच जिलों से छोटे-बड़े व्यापारी भी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। व्यापारियों के साथ चोरी या लूट की घटनाएं न हों, इसके लिए भी बाजारों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। आज से ही चिन्हित बाजारों में पुलिस बल की तैनाती शुरू की जा रही है।

महिला पुलिस की रहेगी अहम भूमिका

रक्षाबंधन की खरीदारी के दौरान बाजारों में महिलाओं की संख्या काफी अधिक रहती है। पुलिस के अनुसार कुल भीड़ में करीब 70 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं की होने की संभावना को देखते हुए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की जा रही है। महिला पुलिसकर्मी भी सिविल ड्रेस में बाजारों में चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगी।

महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा के साथ-साथ बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना महिला पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। पुलिस का उद्देश्य भीड़ का लाभ उठाकर चोरी, लूट या महिलाओं से संबंधित किसी भी आपराधिक घटना को अंजाम देने वाले तत्वों पर पहले से ही नजर रखना है।

चोर-लुटेरों पर विशेष फोकस


पुलिस इस बार बाजारों में सक्रिय चोर-लुटेरों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की तैयारी में है। पूर्व में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय संभावित अपराधियों की गतिविधियों पर पहले से नजर रखकर घटनाओं को रोका जाए।

शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक थाना प्रभारियों के साथ नगर पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी भी बाजार क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।

जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस की विशेष व्यवस्था

त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के साथ वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष टीमों को बाजार क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।

यातायात पुलिस संबंधित थाना पुलिस के साथ समन्वय कर चिन्हित बाजार क्षेत्रों में चार पहिया वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करेगी। इसके अलावा गलत पार्किंग करने वाले वाहनों पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि खरीदारी के दौरान बाजारों में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन


पंचांग के अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा। श्रावण पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त की सुबह 9 बजकर 8 मिनट से प्रारंभ होकर 28 अगस्त की सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगी। पूर्णिमा तिथि के कारण 27 और 28 अगस्त को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है, लेकिन रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को ही मनाया जाएगा।

इस वर्ष रक्षाबंधन पर भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा। बताया गया है कि भद्रा काल 27 अगस्त की रात में ही समाप्त हो जाएगा। ऐसे में 28 अगस्त को बहनें शुभ समय में अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी।

राखी बांधने के शुभ समय

28 अगस्त को राखी बांधने का शुभ समय सुबह 5 बजकर 57 मिनट से सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक बताया गया है। इसके अंतर्गत लाभ-उन्नति मुहूर्त सुबह 7 बजकर 33 मिनट से सुबह 9 बजकर 10 मिनट तक रहेगा, जबकि अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त सुबह 9 बजकर 10 मिनट से सुबह 10 बजकर 46 मिनट तक रहेगा।

रक्षाबंधन के अवसर पर श्रावणी उपाकर्म, यज्ञोपवीत संस्कार और पूर्णिमा पूजन सहित अन्य धार्मिक कार्य भी किए जा सकेंगे।

चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा

28 अगस्त को चंद्र ग्रहण भी होने की जानकारी दी गई है। भारतीय समय के अनुसार ग्रहण की शुरुआत सुबह 6 बजकर 53 मिनट पर और समापन दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर बताया गया है। इसकी कुल अवधि करीब 5 घंटे 38 मिनट रहेगी। यह ग्रहण आंशिक चंद्र ग्रहण होगा, जिसमें चंद्रमा का बड़ा हिस्सा पृथ्वी की छाया में आ सकता है।

हालांकि भारत में यह चंद्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा। इसलिए धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भारत में इसके सूतक को मानने की आवश्यकता नहीं होगी। रक्षाबंधन, राखी बांधने तथा पूर्णिमा से जुड़े धार्मिक कार्य सामान्य रूप से किए जा सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post