दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपए देने से इनकार करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार कमल थापा (21), निवासी बरगवां, कटनी साउथ, जिला कटनी सेल्समैन का काम करता है। वह अपनी बहन दीपा थापा के घर शांतिनगर, रांझी राखी बंधवाने आया था। कमल ने पुलिस को बताया कि वह व्हीकल मोड़ रांझी से अपनी बहन के घर शांतिनगर जा रहा था। उसके साथ शिवा अग्रवाल भी था। रास्ते में उसे पहले से परिचित लकी चौधरी और सुरेश चौधरी मिले।
आरोप है कि दोनों युवकों ने कमल से कहा कि "नौकरी करके बहुत कमा रहा है, शराब पीने के लिए 1 हजार रुपए दो।" कमल ने रुपए देने से इनकार किया तो दोनों गाली-गलौज करने लगे। कमल ने गाली देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक सुरेश चौधरी ने कमल के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि लकी चौधरी ने चाकू से हमला कर उसके माथे में चोट पहुंचा दी। इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर रांझी थाना पुलिस ने धारा 119(1), 296(बी), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
