Jabalpur News: तिलहरी और विजयनगर इलाके में खाद्य विभाग की छापामारी, 1.54 लाख का संदेहास्पद घी व पनीर जब्त; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के मल्टी ब्रांड स्टोर्स, डेयरी और पिज्जा सेंटरों पर औचक कार्रवाई की। बुधवार रात से गुरुवार तक चले अभियान में 215 किलो घी और 25 किलो पनीर मिलावट की आशंका में जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 54 हजार रुपए बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के मुताबिक, टीम ने तिलहरी और विजय नगर स्थित डी-मार्ट स्टोर्स से 200 किलो श्रीधी घी जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए है। घी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

इसके अलावा तिलहरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर से करीब 14 हजार रुपए कीमत का 15 लीटर गोवर्धन काऊ घी भी जब्त किया गया।

पिज्जा सेंटर और डेयरियों से भी लिए सैंपल

खाद्य सुरक्षा टीम ने ग्वारीघाट और रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा सेंटरों का निरीक्षण कर पनीर के नमूने लिए। वहीं सिविक सेंटर स्थित गोविंदा पिज्जा सेंटर से भी पनीर का सैंपल लिया गया।

निवाड़गंज स्थित शिवम डेयरी से संदेह के आधार पर 25 किलो पनीर जब्त किया गया, जबकि विजय नगर स्थित राजा डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया।

भोपाल भेजे जाएंगे सभी नमूने

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post