दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर 21 वर्षीय युवक पर तलवार और चाकू से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को उपचार के लिए पहले विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार घायल सोहराब खान उम्र 21 वर्ष निवासी नूरानी मस्जिद के पास रामपुर गोरखपुर, वर्तमान पता 16 क्वार्टर चौगड्डा के पास हनुमानताल, पीओपी का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि वह रात में अपने साथी रेहान के साथ सहवान नाउ की दुकान पर गया था।
इसी दौरान आसिफ, अशफाक और उनके साथी लुच्चा व अमन दुकान पर पहुंचे। सोहराब के मुताबिक, पूर्व में आसिफ और अशफाक से हुए विवाद को लेकर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि अशफाक ने जान से मारने की नीयत से तलवार से हमला कर उसके सिर में चोट पहुंचाई। वहीं अमन ने चाकू से हमला किया, जबकि आसिफ और लुच्चा ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में घायल सोहराब को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद उसने हनुमानताल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आसिफ, अशफाक, लुच्चा और अमन के खिलाफ धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
