दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के नरगवां गांव में घर के अंदर सांप के काटने से 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना गत शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। महिला को परिजन पहले पनागर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार नरगवां निवासी 60 वर्षीय दादूराम कोल ने सूचना दी कि घटना के समय वह घर में मौजूद था। उसकी बहू सोनिया अपने बच्चों के साथ कमरे में थी। अचानक सोनिया चिल्लाते हुए कमरे से बाहर आई और बताया कि उसे सांप ने काट लिया है।
दादूराम के मुताबिक, जब उसने कमरे में जाकर देखा तो एक काला सांप दीवार की दरार से बाहर निकलकर भाग गया। सोनिया के दाहिने पैर में घुटने के पास सर्पदंश के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए पनागर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोनिया को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान श्रीमती सोनिया कोल, उम्र 30 वर्ष, निवासी नरगवां के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पनागर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
Tags
jabalpur
