CJP को राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, बोले अभिजीत दीपके- ‘पहले वोटर सरकार चुनता था, अब सरकार वोटर चुनती है’

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि फिलहाल CJP को राजनीतिक पार्टी बनाने की कोई योजना नहीं है। उनका कहना है कि लोकतंत्र को सिर्फ राजनीतिक पार्टियों और चुनाव तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इसमें जनता, सिविल सोसायटी, मीडिया और न्यायपालिका की भी सक्रिय भूमिका होनी चाहिए।

जंतर-मंतर पर आंदोलन के बाद दीपके इन दिनों CJP की कोर कमेटी और भविष्य के आंदोलनों की रणनीति तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टी बनते ही संगठन को आसानी से तोड़ा जा सकता है, इसलिए फिलहाल आंदोलन को स्वतंत्र रखना जरूरी है।

सितंबर से शुरू होगा ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान

दीपके ने बताया कि सितंबर से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों की समस्याएं और उनकी अपेक्षाएं सुनी जाएंगी। इन चर्चाओं से सामने आने वाले मुद्दों के आधार पर एक मॉडल एजेंडा तैयार किया जाएगा।

वोटर लिस्ट को लेकर उठाए सवाल

चुनाव प्रक्रिया और EVM को लेकर दीपके ने कहा कि समस्या केवल EVM तक सीमित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी भी लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उनका कहना था कि “पहले वोटर सरकार चुनता था, अब सरकार चुन रही है कि वोटर कौन होगा।”

युवाओं से बोले- सरकार से सवाल करने से न डरें

दीपके ने कहा कि आंदोलन की सबसे बड़ी उपलब्धि किसी का इस्तीफा नहीं, बल्कि युवाओं का अपने अंदर का डर खत्म कर सरकार से सवाल करना है। उन्होंने समर्थकों से किसी एक व्यक्ति को देश, संविधान और संस्थाओं से बड़ा न बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अगर सरकारें जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करती हैं, तो छात्रों और युवाओं को फिर से सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा।

धर्म के बजाय शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य पर हो चर्चा

धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति पर दीपके ने कहा कि देश के राजनीतिक विमर्श का फोकस बदलना चाहिए। चुनाव में धर्म से जुड़े मुद्दों के बजाय शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और AI से रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव जैसे मुद्दों पर भी गंभीर बहस जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post