दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी के मायापुर में गुरुवार शाम निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी रिसने और लैंडस्लाइड के कारण मलबा भर गया। हादसे के समय टनल में काम कर रहे 28 मजदूर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
बचाव दल ने अब तक 18 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि करीब 10 मजदूरों के टनल के अंदर फंसे होने की जानकारी है। बाहर निकाले गए मजदूरों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि 3-4 मजदूरों को ज्यादा चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और जरूरत पड़ने पर उन्हें ऋषिकेश या श्रीनगर के अस्पतालों में भेजने की तैयारी है।
टनल में पानी और मलबा भरने से रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण
अधिकारियों के मुताबिक हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ। पानी के रिसाव के साथ अचानक मलबा टनल के अंदर आ गया, जिससे मजदूर फंस गए। रेस्क्यू टीमों को अंदर पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों तक पहुंचाने के लिए भेजा गया मशीन लोडर भी पानी में फंसकर खराब हो गया, जिसके बाद बचाव के लिए दूसरे विकल्पों पर काम किया जा रहा है।
सेना और ITBP की टीमें भी जुटीं
रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF, SDRF, पुलिस, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ सेना, ITBP और गढ़वाल स्काउट के जवान भी जुटे हैं। जोशीमठ से गढ़वाल स्काउट के करीब 20 जवान आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता टनल के अंदर फंसे सभी मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है। मौके पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
Tags
national
