दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। टेस्ट सीरीज से पहले खेले गए अभ्यास मैच में भारत ने श्रीलंका-XI को 6 विकेट से हरा दिया। मुकाबले के आखिरी ओवर में मोहम्मद सिराज ने लगातार तीन छक्के लगाकर भारत को शानदार जीत दिलाई।
भारत को जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य मिला था। टीम ने दिन का खेल शुरू होने से पहले अपनी पहली पारी 357/6 पर घोषित की। इसके जवाब में श्रीलंका-XI ने दूसरी पारी 200/6 पर घोषित की और भारत के सामने जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य रखा।
उंगली की चोट से वापसी कर रहे कप्तान शुभमन गिल ने 44 रन बनाए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ 105 रन की साझेदारी कर भारत की जीत की नींव रखी। ऋषभ पंत ने 28 रन का योगदान दिया।
भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने नाबाद 142 रन की शानदार पारी खेली। रवींद्र जडेजा ने 63, केएल राहुल ने 40, मानव सुथार ने 41 और गुरनूर बरार ने नाबाद 36 रन बनाए।
आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। केशरा नुवंथा के ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर मोहम्मद सिराज ने लगातार तीन छक्के जड़ दिए और भारत को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
भारत के जीतने के बाद भी ओवर की बाकी गेंदें पूरी कराई गईं। अभ्यास मैच होने के कारण इसका नतीजा किसी टेस्ट सीरीज या टूर्नामेंट की जीत-हार में नहीं जुड़ता।
श्रीलंका-XI की दूसरी पारी में निशान फर्नांडो ने 63, निपुन धनंजया ने 46 और अंजला बंडारा ने 35 रन बनाए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट लिया।
ट्रेनिंग के दौरान उंगली में चोट लगने के कारण गिल अभ्यास मैच के शुरुआती दो दिनों में नहीं खेले थे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने कप्तानी संभाली। अब गिल की 44 रन की पारी से टीम को आगामी टेस्ट सीरीज से पहले राहत मिली है।
वहीं, भारत को जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर की चोटों के कारण झटका लगा है। अगले सप्ताह गॉल में शुरू होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान से पहले टीम की नजरें खिलाड़ियों की फिटनेस और तैयारियों पर रहेंगी।
Tags
national
