Jabalpur News: डुमना रोड पर कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन हिरासत में; बलदेव बाग के दो युवक अस्पताल में भर्ती

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के तेज रफ्तार वाहनों के लिए चर्चित डुमना रोड पर शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रियदर्शनी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित होंडा सिटी कार ने बाइक सवार दो युवकों को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 5:30 बजे की है। बलदेव बाग क्षेत्र निवासी दो युवक बाइक से डुमना रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान प्रियदर्शनी कॉलोनी के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने कार जब्त कर तीन को हिरासत में लिया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डुमना पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। कार चालक समेत उसमें सवार कुल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

डुमना रोड पर रफ्तार बनी चिंता

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। स्थानीय लोगों ने डुमना रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post